कलकत्ता विश्वविद्यालय को दुनिया के विश्वविद्यालयों की अकादमिक रैंकिंग (एआरडब्ल्यूयू) में भारत के सभी विश्वविद्यालयों में सर्वश्रेष्ठ माना गया है। यह जानकारी कलकत्ता विश्वविद्यालय के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को दी।
अधिकारी ने कहा कि शंघाई रैंकिंग-एआरडब्ल्यूयू, 2021 में सभी विश्वविद्यालयों और संस्थानों में कलकत्ता विश्वविद्यालय को प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु के बाद दूसरा स्थान मिला है। शंघाई रैंकिंग कंसल्टैंसी द्वारा जारी की गई एआरडब्ल्यूयू, 2021 एक प्रमुख एवं उच्च शिक्षण संस्थानों की वैश्विक रूप से मान्यता प्राप्त विभिन्न रैंकिंग में से एक है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट के जरिए कलकत्ता विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, प्रशासनिक कर्मियों तथा छात्रों को बधाई दी। विश्वविद्यालय की कुलपति सोनाली चक्रवर्ती बनर्जी नेसे कहा कि विश्वविद्यालय को यह अच्छी खबर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिली।
उन्होंने कहा, ‘‘इस सफलता और अंतरराष्ट्रीय मान्यता को हमारे उत्कृष्ट संकाय, समर्पित शोधार्थियों, ईमानदार गैर-शिक्षण कर्मियों तथा हमारे मेधावी विद्यार्थियों के सतत प्रयासों के परिणाम के रूप में देखा जाना चाहिए।’’
मुख्यमंत्री ने टि्वटर पर कहा, ‘‘यह बताकर अत्यंत खुश हूं कि 2021 ऐकडेमिक रैंकिंग ऑफ वर्ल्ड यूनिवर्सिटीज ने पश्चिम बंगाल सरकार को सूचना दी है कि कलकत्ता विश्वविद्यालय भारत में शीर्ष रैंकिंग वाले विश्वविद्यालयों में से एक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सभी शिक्षकों, प्रशासनिक कर्मियों और हमारे विद्यार्थियों को बधाई।’’


Download Android App
Download iOS App



