गोवा: खनन पर आश्रितों ने अमित शाह से जीओएम की बैठक बुलाने का किया अनुरोध

Summary :

गोवा में लौह अयस्क खनन पर आश्रित लोगों ने राज्य में उद्योग को बहाल करने के मुद्दे पर चर्चा के लिये गृह मंत्री अमित शाह से उनके नेतृत्व वाले मंत्रि-समूह (जीओएम) की बैठक बुलाने का अनुरोध किया।

गोवा में लौह अयस्क खनन पर आश्रित लोगों ने राज्य में उद्योग को बहाल करने के मुद्दे पर चर्चा के लिये गृह मंत्री अमित शाह से उनके नेतृत्व वाले मंत्रि-समूह (जीओएम) की बैठक बुलाने का शुक्रवार को अनुरोध किया। गोवा में खनन के विवादास्पद मुद्दे की पड़ताल के लिये जीओएम का गठन किया गया है जिसमें केंद्रीय वित्त, पर्यावरण, कृषि, खनन, वाणिज्य एवं उद्योग, पेट्रोलियम और कानून मंत्री शामिल हैं। शाह इसका नेतृत्व करते हैं। 
गोवा माइनिंग पीपुल्स फ्रंट (जीएमपीएफ) के अध्यक्ष पी. गांवकर ने कहा, “मार्च 2018 से गोवा में खनन पूरी तरह से बंद है और इस उद्योग पर आश्रित लोगों पर इसका जबरदस्त प्रभाव पड़ा है। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ा है और इसके कारण राजस्व बहुत घटा है।” जीएमपीएफ राज्य के इस अहम उद्योग के बंद होने के बाद बेरोजगार हुए लोगों का संगठन है। 
उन्होंने कहा, “गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व में जीएमपीएफ का प्रतिनिधिमंडल शाह से मुलाकात करना उनके समक्ष अपना मामला फिर से रखना चाहता है। यह लाखों लोगों की आजीविका बनाये रखने और राज्य की खस्ताहाल अर्थव्यवस्था में तेजी लाने में मदद करेगा।” उच्चतम न्यायालय के आदेश पर 88 खनन पट्टों रद्द किये जाने के बाद मार्च 2018 से गोवा में खनन उद्योग बंद है। 

Desk Team