Goa elections: उत्पल पर्रिकर को केजरीवाल ने AAP में शामिल होकर चुनाव लड़ने का दिया ऑफर

Summary :

गोवा चुनाव के लिए बीजेपी ने 34 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पणजी सीट से बीजेपी ने मौजूदा विधायक अतनासियो मोंटेसेरेट को ही टिकट दिया है

गोवा चुनाव के लिए बीजेपी ने 34 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पणजी सीट से बीजेपी ने मौजूदा विधायक अतनासियो मोंटेसेरेट को ही टिकट दिया है। इस सीट पर गोवा के पूर्व सीएम और बीजेपी के सीनियर नेता रहे मनोहर पर्रिकर  के बेटे उत्पल पर्रिकर  टिकट मांग रहे थे। टिकट की घोषणा के बाद आम आदमी पार्टी के राष्‍ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उत्‍पल पर्रिकर को आप पार्टी ज्‍चाइन कर चुनाव लड़ने का न्‍योता दिया है।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘गोवावासियों को बहुत दुख होता है कि बीजेपी ने पर्रिकर परिवार के साथ भी ‘यूज एंड थ्रो नीति’ अपनाई है। मैंने हमेशा मनोहर पर्रिकर जी का सम्मान किया है। AAP के टिकट पर चुनाव में शामिल होने और लड़ने के लिए उत्पल जी का स्वागत है।’ बता दें कि मनोहर पर्रिकर का 2019 में निधन हो गया था। वहीं, गुरुवार को गोवा में रिपोटर्स से बात करते हुए उत्पल पर्रिकर ने कहा, ‘मैं जल्द ही अपना रुख स्पष्ट करूंगा।’ बीजेपी ने पणजी निर्वाचन क्षेत्र का टिकट विवादास्पद विधायक अतानासियो बाबुश मोनसेरेट को सौंपा है, जिन पर 2016 में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।
शिवेसना ने बताया था उत्पल को योग्य उम्मीदवार
कुछ दिन पहले, बीजेपी की प्रतिद्वंद्वी शिवसेना  ने उत्पल पर्रिकर को एक योग्य उम्मीदवार बताया था। शिवसेना के संजय राउत  ने ट्वीट कर कहा, यदि उत्पल पर्रिकर पणजी सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं, तो मैं प्रस्ताव करता हूं कि आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और गोवा फॉरवर्ड पार्टी सहित सभी गैर-बीजेपी दलों को उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करना चाहिए और उनके खिलाफ उम्मीदवार नहीं खड़ा करना चाहिए। यह मनोहरभाई को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। फिलहाल गोवा में उत्पल पर्रिकर को लेकर सियासी पारा बढ़ा हुआ है।
बीजेपी ने 34 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की
वहीं, बीजेपी ने आगामी गोवा विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को सैंकलिम से उम्मीदवार बनाया गया है जबकि पार्टी ने छह विधायकों के टिकट काटे हैं। पार्टी ने जिन 34 उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं उनमें नौ ईसाई समुदाय के हैं जबकि तीन सामान्य सीटों पर अनुसूचित जनजाति के नेताओं को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने नौ सामान्य जाति के नेताओं को अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि एक पत्रकार को भी टिकट दिया गया है। गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के पुत्र उत्पल पर्रिकर को पणजी सीट से टिकट नहीं दिया गया है। गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए 14 फरवरी को मतदान होना है।

Desk Team