केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री श्रीपद नाइक ने दुर्घटनाग्रस्त हुए नौसेना के प्रशिक्षण विमान मिग-29 के को आबादी से दूर ले जाने के लिए दोनों पायलटों की रविवार को प्रशंसा। उल्लेखनीय है कि मिग-29के विमान डाबोलिम में लंगर डाले आईएनएस हंस से संबंद्ध था और शनिवार को हादसे के बाद उसका मलबा वरना गांव के पास पथरीले पठार पर गिरा था। हालांकि, विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।
उत्तरी गोवा से लोकसभा सदस्य नाइक ने ट्वीट किया, ‘‘ दो सीट वाले मिग-29के के पायलट कैप्टन एम शिवखंड और लेफ्टिनेंट कमांडर दीपक यादव ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को आबादी से दूर ले गए और सुरक्षित बाहर निकलकर बहादुरी का काम किया। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखे और सफलता दें।’’
जिलाधिकारी अजीत रॉय ने शनिवार को पत्रकारों को बताया था कि विमान के बाएं इंजन में लपटे निकल रही थी जबकि दाएं इंजन में चिड़िया के टकराने से आग लगी। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त विमान नियमित उड़ान पर था। रॉय ने कहा कि पायलट सूझबूझ दिखाते हुए विमान को आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले गए और उससे सुरक्षित निकलने से कामयाब रहे।


Download Android App
Download iOS App



