गोवा महिला कांग्रेस प्रमुख प्रतिमा कोटिन्हो ने यहां सनबर्न इलेक्ट्रानिक नृत्य संगीत महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए आये आंध्र प्रदेश के दो निवासियों की मौत को लेकर राज्य के पर्यटन मंत्री मनोहर अजगांवकर के इस्तीफे की शनिवार को मांग की।
साई प्रसाद और वेंकट ने उत्तर गोवा के वागटोर समुद्र तट स्थित आयोजन स्थल के प्रवेशद्वार के पास बेचैनी महसूस की और उन्हें मापुसा स्थित एक अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी शुक्रवार शाम में मृत्यु हो गई।
महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार को हुई थी और इसका समापन रविवार को होगा। कोटिन्हो ने दावा किया कि दोनों मौतें संदिग्ध तौर पर ‘‘मादक पदार्थ के अधिक सेवन’’ से हुई और अजगांवकर ने ‘‘सनबर्न आयोजकों का पक्ष लिया जबकि राज्य सरकार को भुगतान में उनकी ओर से चूक की गई।’’
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सनबर्न महोत्सव के विवादित होने के बावजूद इसके आयोजन की अनुमति देने में अजगांवकर की भूमिका की एक उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।’ उन्होंने कहा कि भाजपा नीत सरकार राज्य में मादक पदार्थ की समस्या से निपटने में असफल रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘विवादास्पद महोत्सव के पहले दिन ही दो मौतें हुईं। अजगांवकर को तत्काल हटाया जाना चाहिए।’’ यद्यपि यह स्पष्ट नहीं है क्या दोनों मौतें मादक पदार्थ के अधिक सेवन से संबंधित है। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि पोस्टमार्टम हुआ है और रिपोर्ट का इंतजार है।


Download Android App
Download iOS App



