तमिलनाडु सरकार ने मूल्य समर्थन योजना के तहत बढ़ी कीमतों पर किसानों से 50,000 टन खोपरा की खरीद शुरू कर दी है। राज्य सरकार ने 2019 के खरीद सत्र के लिए यह अभियान केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद शुरु किया है। कृषि विभाग के सूत्रों ने पीटीआई-भाषा से कहा कि सरकार के इस खरीद कार्यक्रम से नारियल किसानों को लाभ मिलेगा कोयंबटूर और वेल्लोर केंद्रों पर तेल निकालने और गिरी गोला के लिए नारियल की खरीद शुरू कर दी गयी है।
तेल निकालने के लिए 45,000 टन और गिरी गोला के लिए 5,000 टन नारियल खरीद का लक्ष्य रखा गया है। इसे छह माह में पूरा करना है।
कोयंबटूर, तिरुपुर, सलेम, वेल्लोर, तंजौर, पुडुकोट्टई, डिंडीगुल, शिवगंगा, कृष्णागिरी, रामनाथपुरम, नमक्कल और कन्याकुमारी उन जिलों में शामिल हैं जहां यह खरीद अभियान चलाया जाना है। मूल्य समर्थन योजना के तहत मिलिंग नारियल के लिए 95.21 रुपये प्रति किलोग्राम और गोला नारियल के लिये 99.20 रुपये प्रति किलोग्राम का मूल्य रखा गया है। पिछले साल यह मूल्य क्रमश: 75.11 रुपये और 77.50 रुपये प्रति किलोग्राम था। नारियल के लिये बढ़े समर्थन मूल्य से बाजार में इसके दाम स्थिर होने की उम्मीद की जा रही है जो कि हाल के दिनों में 70 से 80 रुपये के बीच घटबढ़ में चल रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



