राज्यपाल धनखड़ की CM ममता को नसीहत, कहा- यह समय केंद्र सरकार से टकराव का नहीं

Summary :

राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने कहा कि ‘‘हमारी जनता की चिंता हमारा विषय होना चाहिए, ना कि टकराव।’’

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नसीहत देते हुए कहा कि यह समय राज्यपाल अथवा केंद्र सरकार से टकराव का नहीं है। उन्होंने कहा कि यह समय मौजूदा स्थिति से निपटने का रास्ता निकालने का है।

धनखड़ ने ट्वीट कर कहा कि ‘‘हमारी जनता की चिंता हमारा विषय होना चाहिए, ना कि टकराव।’’ कोरोना प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने आयी केंद्रीय टीम के दौरे के संदर्भ में उन्होंने कहा कि ‘‘ यह समय राज्यपाल अथवा केंद्र सरकार से टकराव का नहीं है। मौजूदा समय को देखते हुए आगे का मार्ग प्रशस्त किया जाना चाहिए।’’

इससे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कोरोना वायरस के मामले पर कैबिनेट समिति का गठन किये जाने की घोषणा की और कहा कि केंद्र सरकार को चाहिए कि वह राज्य सरकारों से परामर्श के बाद एक दीर्घकालिक, अल्पकालिक और मध्यावधि योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि ‘‘ हम कोरोना वायरस मामले पर एक कैबिनेट समिति का गठन कर रहे हैं। इसमें मंत्री अमित मित्रा, पार्थ चटर्जी, चंद्रिमा भट्टाचार्य, फिरहाद हकीम और मुख्य सचिव, गृह सचिव और स्वास्थ्य सचिव शामिल होंगे। वे कोरोना से जुड़े मामलों को देखेंगे और मुझे रिपोर्ट करेंगे।’’

कोटा में फंसे 2000 छात्रों को वापस लाने के लिए 100 बसें भेजेंगी महाराष्ट्र सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘‘हम कोरोना वायरस को परास्त करना चाहते हैं और हर दिशानिर्देश का पालन करेंगे, लेकिन यह उचित, पारदर्शी और बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के होना चाहिए। मेरे मुख्य सचिव और गृह सचिव केंद्रीय टीम के रोज सुबह तीन घंटे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग नहीं कर सकते। वे फिर काम कब करेंगे।’’ उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, कि ‘‘हम कोटा से छात्रों को वापस ला रहे हैं और वृंदावन में फंसे लोगों की मदद कर रहे हैं। हम जितना कर सकते हैं उतना कर रहे हैं, लेकिन हमें धन की भी आवश्यकता है। अगर केंद्र सरकार सहायता नहीं करेगी, तो हमें धन कहां से मिलेगा? 

Desk Team