राज्य यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति के तौर पर अध्यक्षता करेंगे राज्यपाल धनखड़

Summary :

राज्यपाल धनखड़ ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, 25 फरवरी, 2020 को पश्चिम बंगाल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति के तौर पर अध्यक्षता करूंगा।

पश्चिम बंगाल की यादवपुर यूनिवर्सिटी और कलकत्ता यूनिवर्सिटी के वार्षिक दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने से रोके जाने के बाद राज्यपाल जगदीप धनखड़ राज्य विश्वविद्यालय (डब्ल्यूबीएसयू) के स्नातक समारोह की अध्यक्षता करेंगे। राज्यपाल धनखड़ पश्चिम बंगाल की सभी यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति हैं। 
राज्यपाल ने रविवार को कहा, इस अवसर पर वह कुलपति और संकाय सदस्यों के साथ डब्ल्यूबीएसयू के प्रदर्शन में सुधार के तरीके पर चर्चा करेंगे। राज्यपाल धनखड़ ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘‘25 फरवरी, 2020 को पश्चिम बंगाल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति के तौर पर अध्यक्षता करूंगा। 


2008 में यूनिवर्सिटी के शुरू होने के बाद से पहली बार यहां दीक्षांत समारोह हो रहा है। इस अवसर का इस्तेमाल कुलपति और विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों से चर्चा के लिए करूंगा कि कैसे यूनिवर्सिटी में सुधार किया जा सकता है।’’ हाल में राज्यपाल ने यादवपुर यूनिवर्सिटी और कलकत्ता यूनिवर्सिटी के वार्षिक दीक्षांत समारोह में छात्रों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के बड़े विरोध का सामना किया है जिसके कारण उन्हें कार्यक्रम स्थल से जाना पड़ा। 

कूचबिहार पंचानन बर्मा यूनिवर्सिटी के वार्षिक समारोह में आमंत्रित नहीं किए जाने पर पिछले सप्ताह उन्होंने नाराजगी जताई थी। धनखड़ ने इसके लिए कूचबिहार यूनिवर्सिटी के कुलपति देबकुमार मुखोपाध्याय को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया है और पूछा है कि नियमों के अनुपालन में विफल रहने के कारण उन्हें पद से क्यों नहीं हटाया जाना चाहिए। 

Desk Team