Gujarat Assembly Election : दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू, 14 जिलों की 93 सीटों पर डाले जा रहे हैं वोट

Summary :

गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे व अंतिम चरण के लिए 14 जिलों की 93 सीट पर आज मतदान हो रहा है। अहमदाबाद, वडोदरा एवं गांधीनगर सहित 14 जिलों के इन 93 विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित 61 राजनीतिक दलों के कुल 833 उम्मीदवार मैदान में हैं।

गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे व अंतिम चरण में राज्य के 14 जिलों की 93 सीट पर सोमवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। अहमदाबाद, वडोदरा एवं गांधीनगर सहित 14 जिलों के इन 93 विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित 61 राजनीतिक दलों के कुल 833 उम्मीदवार मैदान में हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सोमवार को अहमदाबाद में रानीप इलाके के एक स्कूल में बने मतदान केंद्र में अपना वोट डालेंगे, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नारणपुरा इलाके में एक केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री ने अपनी मां हीराबा से गांधीनगर में उनके आवास पर मुलाकात की थी और उनका आशीर्वाद लिया था। 
गुजरात में एक दिसंबर को पहले चरण में 89 सीट पर करीब 63.31 प्रतिशत मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के अनुसार, दूसरे चरण के मतदान में 833 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 285 निर्दलीय हैं। चुनाव में कुल 2.51 करोड़ लोगों के पास मताधिकार है, जिनमें से 1.29 करोड़ पुरुष और 1.22 करोड़ महिलाएं हैं। कुल 14,975 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और वहां 1.13 लाख कर्मचारियों को तैनात किया गया है। मतदान शाम पांच बजे तक होगा। मतगणना आठ दिसंबर को की जाएगी।

Desk Team