गुजरात में पोरबंदर के निकट एक गांव में शनिवार शाम किसी बात को लेकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान ने अपने साथियों पर गोलीबारी की, जिसमें दो जवानों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पोरबंदर के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ए.एम. शर्मा ने कहा कि ये जवान मणिपुर की सीआरपीएफ बटालियन से संबंधित हैं। उन्होंने बताया कि इन जवानों को अगले महीने होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने यहां भेजा था।
पोरबंदर जिले में पहले चरण में एक दिसंबर को मतदान होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि सीआरपीएफ के जवान पोरबंदर से लगभग 25 किलोमीटर दूर तुकड़ा गोसा गांव के एक केंद्र में ठहरे हुए थे।
शर्मा ने कहा, ‘‘शनिवार शाम किसी बात को लेकर एक जवान ने अपने साथियों पर असॉल्ट राइफल से गोलीबारी कर दी। दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। उन्हें जामनगर के एक अस्पताल में ले जाया गया है। इनमें से एक के पेट में जबकि दूसरे के पैर में गोली लगी है।’’
अधिकारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



