गुजरात : डिप्टी CM पटेल ने कहा- राज्य में लगभग सभी मंडियां आर्थिक रूप से मजबूत, केवल 22 मंडियों को आ रही समस्या

Summary :

गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने बृहस्पतिवार को कहा कि इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है कि राज्य में करीब 15 कृषि उत्पाद बाजार समितियों (एपीएमसी) को न के बराबर कारोबार करने पर बंद कर दिया गया है।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने बृहस्पतिवार को कहा कि इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है कि राज्य में करीब 15 कृषि उत्पाद बाजार समितियों (एपीएमसी) को न के बराबर कारोबार करने पर बंद कर दिया गया है। पटेल ने कहा कि राज्य की 20-22 को छोड़कर लगभग सभी मंडियां आर्थिक रूप से मजबूत हैं और ठीक से काम कर रही हैं।
मीडिया में आई एक खबर में दावा किया गया था कि करीब 15 एपीएमसी में असल में कोई कारोबारी गतिविधि नहीं हो रही है जबकि 115 अन्य बंद होने की कगार पर हैं जिससे 3,000 कर्मचारियों के भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पटेल ने कहा कि उन्होंने गुजरात में पंजीकृत 200 से अधिक एपीएमसी के कारोबार और मौजूदा वित्तीय स्थिति की समीक्षा के लिए बुधवार को राज्य के कृषि मंत्री आर सी फालदू और सहकारिता मंत्री ईश्वरसिंह पटेल के साथ बैठक की। उन्होंने नयी एपीएमसी का शिलान्यास करने के बाद यहां विरामगाम नगर में संवाददाताओं को बताया, “एपीएमसी बंद होने वाली खबरों में कोई तथ्य नहीं है।
आज की तारीख में सभी काम कर रही हैं। समीक्षा बैठक में, हमने पाया कि करीब सभी मंडियां आर्थिक रूप से मजबूत हैं और ठीक से काम कर रही हैं।”
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “केवल 20 से 22 मंडियां, जो कई साल पहले स्थापित हुई थी, आज कुछ समस्याओं का सामना कर रही हैं क्योंकि प्रबंधन ने इन सभी वर्षों में किसानों और व्यापारियों के लिए नया बुनियादी ढांचा या सुविधाएं बनाने की जहमत नहीं उठाई। वहां कृषि उपज की निलामी भी नहीं हो रही है। यहां तक कि व्यापारियों को भी परिसर में दुकानें आवंटित नहीं की गईं।”

Desk Team