भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (Gujarat Anti-Terrorism Squad) ने बुधवार को भारतीय जल क्षेत्र में एक पाकिस्तानी नाव को पकड़ा है। गुजरात के तट पर अरब सागर में मछली पकड़ने वाली इस नाव से 200 करोड़ रुपये की 40 किलोग्राम हेरोइन जब्त हुई है। इसके साथ ही 6 पाकिस्तानी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
एटीएस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नौका चालक दल के सदस्य छह पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि कच्छ जिले में जखाऊ बंदरगाह के पास तटरक्षक बल और एटीएस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ ले जा रही मछली पकड़ने वाली नौका को समुद्र में रोक लिया।

उन्होंने कहा, “हेरोइन को गुजरात तट पर उतारे जाने के बाद सड़क मार्ग के जरिए पंजाब ले जाया जाना था। गुप्त सूचना के आधार पर हमने पाकिस्तान से चली नौका को रोका और छह पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ लिया, जिनके पास से 40 किलोग्राम हेरोइन मिली है।”
उन्होंने कहा कि जब्त नौका के साथ एटीएस और तटरक्षक बल के अधिकारियों के आज जखाऊ तट पर पहुंचने की उम्मीद है। ICG के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि गुजरात तट से पकड़ी गयी पाकिस्तानी नाव को जखाउ बंदरगाह ले जाया जा रहा है। वहीं नाव के साथ हिरासत में लिए गए 6 पाकिस्तानी चालक दल से भी पूछताछ की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



