कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिए सूरत शहर में लगाए गए रात्रिकालीन कर्फ्यू को रविवार से जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी विस्तारित कर दिया गया। सूरत के जिलाधिकारी धवल पटेल ने शनिवार रात एक अधिसूचना जारी कर कर्फ्यू को रविवार से 30 अप्रैल तक ग्रामीण हिस्सों में भी विस्तारित कर दिया।
अधिसूचना के मुताबिक कर्फ्यू रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक लगा रहेगा। सूरत राज्य का पहला जिला है, जहां शहरी और ग्रामीण, दोनों ही इलाकों में रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाया गया है।
गौरतलब है कि पिछले साल मार्च में महामारी की शुरुआत होने के बाद से पहली बार शनिवार को राज्य में कोविड-19 के 5,000 से अधिक मामले सामने आए, जिनमें 239 मामले सूरत जिले के ग्रामीण हिस्सों से थे। इसके अलावा सूरत शहर में 913 नए मामले सामने आए, जो अहमदाबाद के बाद दूसरे स्थान पर रहा। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक अहमदाबाद में शनिवार को 1,409 नए मामले सामने आए थे।


Download Android App
Download iOS App



