कोविड-19 के मामलों में अचानक बढ़ोतरी के मद्देनजर छत्तीसगढ़ में उत्पादित ऑक्सीजन में से 80 प्रतिशत की आपूर्ति राज्य के अस्पतालों में चिकित्सा उद्देश्यों के लिए की जाएगी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने महामारी रोग अधिनियम के तहत इस संबंध में एक अधिसूचना जारी की।
अधिसूचना के अनुसार निर्माताओं को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी इकाइयों में उत्पादित कुल ऑक्सीजन का 80 प्रतिशत अस्पतालों को ‘चिकित्सा ऑक्सीजन’ के रूप में आपूर्ति करें। आदेश में कहा गया है कि तत्काल आवश्यकता की स्थिति में ऑक्सीजन का शेष 20 प्रतिशत भी अस्पतालों को दिया जाएगा।
इसमें विनिर्माताओं से कहा गया है कि वे अपनी इकाइयों में ऑक्सीजन का पूरी क्षमता के साथ निर्बाध उत्पादन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने कहा कि संभागीय आयुक्तों और कलेक्टरों को आदेश का उचित कार्यान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 14,098 नए मामले सामने आए जो कि पिछले साल मार्च में संक्रमण के प्रकोप के बाद एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। छत्तीगढ़ में अब तक कोविड-19 के कुल 4,32,776 मामले सामने आए हैं और 4,777 मरीजों की मौत हुई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्तमान समय में राज्य में कोविड-19 के 85,860 उपचाराधीन मामले हैं जबकि 3,42,139 मरीज ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



