मुंबई-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन दक्षिण गुजरात के वलसाड के निकट रेलवे पटरी पर कथित रूप से कुछ बदमाशों द्वारा रखे गए सीमेंट के एक खंभे से टकरा गई। इस दौरान किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।पुलिस ने बताया कि ट्रेन शुक्रवार शाम करीब सात बजकर 10 मिनट पर खंभे से टकराई। पुलिस को संदेह है कि दिल्ली जा रही ट्रेन को पटरी से उतारने की कोशिश के तहत खंभा पटरी पर रखा गया था। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
वलसाड ग्रामीण पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मुंबई-हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन वलसाड के निकट अतुल स्टेशन के पास रेलवे पटरी पर रखे गए सीमेंट के खंभे से टकरा गई। ट्रेन से टकराने के बाद खंभा पटरी से नीचे हट गया। इस घटना से ट्रेन को कोई नुकसान नहीं हुआ और यह आगे बढ़ गई। इस दौरान कोई यात्रा घायल नहीं हुआ। ट्रेन चालक ने अतुल रेलवे स्टेशन के कर्मचारियों को तुरंत इसकी सूचना दी।’’
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस एवं रेलवे अधिकारी घटनास्थल पहुंचे।पुलिस महानिरीक्षक (सूरत रेंज) राजकुमार पांडियन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कुछ बदमाशों ने सीमेंट का खंभा पटरी पर रख दिया था। ट्रेन खंभे से टकरा गई, जिसके बाद ट्रेन प्रबंधक ने तुरंत स्थानीय स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी।’’
उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि ट्रेन को पटरी से उतारने की कोशिश की गई और पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है।वलसाड ग्रामीण पुलिस अधिकारी ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ वलसाड ग्रामीण पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है और तकनीकी निगरानी एवं मानव खुफिया जानकारी का उपयोग कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



