गुवाहाटी शहर के बाहरी इलाके में रानी रिजर्व फॉरेस्ट के पास असम के बीजेपी नेता राजीव बोरो की जंगली हाथियों के हमले में मौत हो गई। बीजेपी के शक्तिकेंद्र संयोजक 35 वर्षीय राजीव बोरो के घर पर रविवार आधी रात कुछ जंगली हाथियों ने हमला कर दिया था।
वन एवं पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बीजेपी नेता पर हुए हाथियों के इस हमले की जानकरी दी। घटना की सूचना पर वन एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को मेडिकल जांच के लिए रानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। पर्यावरण एवं वन मंत्री परिमल शुक्लाबैद्य ने बोरो के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
वन और वन्यजीव विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिछले 10 वर्षो के दौरान मानव-हाथी संघर्ष में 888 लोगों की मौत हुई है। सोनितपुर जिले में सबसे अधिक 124 मौतें दर्ज की गई हैं, इसके बाद उदलगुरी जिले में 118 और गोलपारा जिले में 78 मौतें हुई हैं। इस वर्ष असम के विभिन्न हिस्सों में हाथियों के हमले से अब तक 99 लोगों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



