पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बाढ़ प्रभावित कर्नाटक को अंतरिम राहत के तौर पर 5,000 करोड़ रूपये देने और इसे ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित करने का अनुरोध किया। जद (एस) प्रमुख देवगौड़ा ने प्रधानमंत्री को लिखे एक पत्र में कहा है कि उन्होंने छह दशक के अपने राजनीतिक करियर में जानमाल को ऐसा नुकसान कभी नहीं देखा था।
उन्होंने कहा, “इसलिए, मैं आपसे इस प्राकृतिक आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का अनुरोध करता हूं।” उन्होंने पत्र में कहा है, “मैं आपसे अंतरिम राहत के तौर पर 5,000 करोड़ रूपये जारी करने का अनुरोध करता हूं।” उन्होंने कहा, “मुझे आशा है कि भारत सरकार जरूरत की इस घड़ी में राज्य की बड़ी आबादी की ओर मदद का हाथ बढ़ाएगी, जो एक बड़ी आपदा का सामना कर रही है।”
हालांकि, कर्नाटक सरकार ने केंद्र से 3,000 करोड़ रूपये फौरन जारी करने का अनुरोध किया है। कर्नाटक में 17 जिलों के 86 तालुके में कुल 2,694 गांव बारिश और बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य सरकार से प्राप्त सूचना के मुताबिक अब तक कुल 42 लोगों की मौतें हुई हैं, जबकि 12 लोग लापता बताये जा रहे हैं।
देवगौड़ा ने इस बात का जिक्र किया कि राज्य के दो करोड़ से अधिक लोग (आबादी का एक तिहाई हिस्सा) बाढ़ से प्रभावित हुए हैं क्योंकि सभी 10 बड़ी नदियां उफान पर है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री से मुलाकात भी करेंगे और एक विशेष पैकेज की मांग करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



