पाकिस्तान कश्मीर मामले पर दुनिया से गुहार लगाने में जुटा हुआ है। देश के प्रधानमंत्री इमरान खान कई देशों के नेताओं से बात कर चुके हैं और इस सिलसिले की ताजा कड़ी में उन्होंने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो से फोन पर बात की है।
पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय की मीडिया शाखा ने दी है। इसमें बताया गया है कि दोनों नेताओं के बीच पहली बार फोन पर बात हुई है। इंडोनेशिया दुनिया में सर्वाधिक मुस्लिम जनसंख्या वाला देश है।
बयान में कहा गया है, “प्रधानमंत्री इमरान खान ने ‘भारत के कब्जे वाले जम्मू एवं कश्मीर’ को लेकर भारत द्वारा एकपक्षीय और अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करते हुए किए गए बदलाव से पैदा गंभीर हालात से विश्व के नेताओं को अवगत कराने की अपनी मुहिम के तहत इंडोनेशिया के राष्ट्रपति को फोन किया और उनसे बात की।”
बयान में कहा गया है, “प्रधानमंत्री ने विडोडो को बताया कि कश्मीर पूरी तरह से प्रतिबंधों के दायरे में है और वहां बेगुनाह कश्मीरियों के बड़ी संख्या में मारे जाने का गंभीर खतरा बना हुआ है।” बयान में कहा गया है कि इमरान ने इंडोनेशियाई राष्ट्रपति से कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की यह जिम्मेदारी है कि वह ऐसे किसी भी खतरे को रोकने के लिए कदम उठाए।


Download Android App
Download iOS App



