अहमदाबाद : गुजरात में लगातार जारी मूसलाधार बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने से भरूच और वड़ोदरा जिलों के कई गांवों में बाढ़ की स्थिति बन गयी है। दोनों जिलों के गांवों से करीब पांच हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
सोमवार को जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार केवडिया गांव के पास नर्मदा नदी से सरदार सरोवर बांध में लगातार पानी जमा रहने के कारण बांध के 30 में से 23 गेट खोलकर 9.86 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। विज्ञप्ति के अनुसार, बांध में जलस्तर 132.63 मीटर पहुंच गया है, जबकि उसके जलाशय की कुल क्षमता 138.68 मीटर की है।
राहत आयुक्त हर्षद पटेल ने गांधीनगर में संवाददाताओं से कहा कि पानी छोड़े जाने के कारण नर्मदा में पिछले कुछ दिन में जलस्तर बहुत बढ़ गया है और अब वह वड़ोदरा और भरूच जिलों में नदी किनारे स्थित निचले इलाकों में पहुंचना शुरू हो गया है।
पटेल ने बताया, ‘‘इन गांवों और भरूच शहर के निचले इलाकों में रहने वाले करीब 5,000 लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया है। हम लोगों से अनुरोध करते हैं कि वे नदी के आसपास ना जाएं। जिला प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल को भी सतर्क कर दिया गया है।’’


Download Android App
Download iOS App



