कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर का खतरा फिलहाल थोड़ा कम हो रहा है, लेकिन संक्रमण की तीसरी लहर आने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में झारखंड के मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कोरोना वायरस से हालात खराब न हो, इसलिए कड़ा फैसला लिया है।
झारखंड सरकार ने राज्य में कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत लागू आंशिक लॉकडाउन को 24 जून से एक जुलाई तक जारी रखने का निर्णय लिया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि झारखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी हो गयी है, लेकिन इसके बावजूद नये संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है।
इसके मद्देनजर सरकार ने स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत लागू आंशिक लॉकडाउन को 24 जून सुबह छह बजे से एक जुलाई सुबह छह बजे तक जारी रखने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज यहां हुई राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
प्राधिकार की हुई बैठक के बाद मुख्य सचिव सुखदेव सिंह के हस्ताक्षर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। फिलहाल झारखंड में 16 जून को जारी आदेश में जो-जो छूट दी गयी थी, वही छूट अगले एक सप्ताह तक मिलती रहेगी। इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
अनलॉक-3 का आदेश 16 से 24 जून सुबह छह बजे तक लागू था और यह उम्मीद की जा रही थी कि अनलॉक-4 में कुछ अतिरिक्त छूट भी मिल सकती है, कोई छूट नहीं मिली है, लेकिन 16जून सुबह छह बजे से जो छूट मिली थी, वह छूट अगले एक सप्ताह तक जारी रहेगी।


Download Android App
Download iOS App



