देश की पश्चिमोत्तर सीमा पर तनावपूर्ण स्थितियों को देखते हुए महाराष्ट्र और राज्य की राजधानी मुंबई में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को कहा कि देश की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई के अलावा पुणे, नागपुर, औरंगाबाद, नासिक और कोल्हापुर में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि राज्य में इस समय चल रही 12वीं की परीक्षा में कोई व्यवधान न हो।
मुंबई की सड़कों और राजमार्गो पर तनाव महसूस किया गया, जहां जगह-जगह विभिन्न निजी और वाणिज्यिक वाहनों, बेस्ट या निजी बसों की जांच की जा रही है। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (सीएसएमआईए), पश्चिम रेलवे, मध्य रेलवे, कोंकण रेलवे के प्रमुख स्टेशनों और टर्मिनलों, उपनगरीय रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ बस अड्डों और शहर में तथा इसके आसपास अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
श्रीनगर, जम्मू, लेह सहित पांच हवाईअड्डों पर व्यावसायिक विमानों की आवाजाही बंद
सीएसएमआईए, कार्गो कॉम्प्लेक्स और प्रमुख होटलों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), दादर टर्मिनस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर यात्रियों के सामानों की जांच सशस्त्र पुलिस और स्वान दस्ता कर रहे हैं।
मंत्रालय, विधानसभा भवन, बैंक मुख्यालयों, विमानन कंपनियों, नौवहन कंपनियों, लग्जरी होटलों, मॉल्स और मल्टीप्लेक्स, शीर्ष पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों तथा शिक्षण संस्थानों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी और निजी आवासीय तथा वाणिज्यिक भवनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


Download Android App
Download iOS App




