पहाड़ी राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव दोबारा जीत हासिल करने के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के लोगों ने बीजेपी को सत्ता में बनाए रखने का मन बना लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश में तेजी से प्रगति और स्थिर सरकार जरूरी है।
मोदी ने मंडी जिले के सुंदरनगर में एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘इस बार हिमाचल चुनाव खास है क्योंकि 12 नवंबर को डाला गया प्रत्येक वोट सिर्फ आने वाले 5 साल के लिए नहीं है, बल्कि यह अगले 25 वर्षों के लिए राज्य की विकास यात्रा को परिभाषित करेगा।’’उन्होंने कहा, ‘‘कुछ हफ्ते पहले भारत ने आजादी के 75 साल पूरे किए। जब भारत अपनी आजादी के 100 साल पूरे करेगा, उसी समय के आसपास हिमाचल प्रदेश भी अपने गठन के 100 साल पूरे करेगा। इसलिए, अगले 25 साल बहुत महत्वपूर्ण होने जा रहे हैं।’’
लोगों ने BJP को सत्ता में वापस लाने का किया निर्णय
हिमाचल प्रदेश के लिए तेजी से प्रगति और स्थिर सरकार को जरूरी बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि हिमाचल के लोग, यहां के युवा, मां और बहनें इसे अच्छी तरह से समझते हैं।’’मोदी ने दावा किया कि लोग जानते हैं कि बीजेपी स्थिरता के लिए खड़ी है और उसने ‘‘सेवा भाव’, ‘‘सम-भाव’’ रखते हुए विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि इसलिए हिमाचल प्रदेश के लोगों ने बीजेपी को सत्ता में वापस लाने का निर्णय किया है।


Download Android App
Download iOS App



