Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर मंडी के पड्डल मैदान में जन संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। पूरे प्रदेश से आए लोगों की भारी भीड़ ने इस समारोह को उत्सव जैसा माहौल दे दिया। कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों, सुशासन, आर्थिक सुधार और जनता की भागीदारी पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले तीन वर्षों में पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता दी है। सत्ता संभालते समय प्रदेश की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी, जिसे सुधारने के लिए सरकार ने कई बड़े निर्णय लिए।
Himachal Pradesh News: चुनावी गारंटियों पर काम
मुख्यमंत्री ने बताया कि कांग्रेस द्वारा दी गई 10 गारंटियों में से 7 पूरी की जा चुकी हैं। ओपीएस बहाली, पहली ही कैबिनेट बैठक में लागू की, जिससे 1.36 लाख कर्मचारियों को राहत मिली। केंद्र द्वारा 1600 करोड़ रुपये की ऋण सीमा रोकने से तीन साल में 4800 करोड़ का नुकसान हुआ।

CM Sukhu News: महिलाओं के लिए योजनाएं
इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। 35,687 महिलाएं नई योजना से लाभान्वित, जबकि 2,37,000 पेंशनधारी महिलाएं भी अब 1500 रुपये प्राप्त कर रही हैं। वहीं युवाओं के लिए राजीव गांधी स्टार्टअप योजना पर 680 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से अंग्रेजी माध्यम शुरू करने का वादा पूरा किया गया। दूध के लिए गाय पर 51 रुपये और भैंस पर 61 रुपये प्रति लीटर समर्थन मूल्य तय कर हिमाचल को देश का पहला राज्य बनाया। वहीं किसानों से गोबर 300 रुपये प्रति क्विंटल के भाव में खरीदा जा रहा है। यूनिवर्सल कार्टन प्रणाली और हिमाचल बागवानी नीति लागू की गई।
Himachal Pradesh News Today : रोजगार और वित्तीय प्रबंधन
अब तक 23,200 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं। पिछली सरकार पर 76,185 करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ने का आरोप है। वहीं वर्तमान सरकार द्वारा तीन वर्षों में 3000 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि 2023 की आपदा में 12,000 करोड़ का नुकसान हुआ, लेकिन केंद्र से विशेष सहायता नहीं मिली। राज्य सरकार ने 4500 करोड़ का राहत पैकेज जारी किया। इस वर्ष भी लगभग इतना ही नुकसान हुआ है, पर केंद्र से मदद नहीं मिली।

सामाजिक सुरक्षा और शिक्षा
पिछले तीन वर्षों में 12,095 लोगों को 28 करोड़ की सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना में 6000 बच्चों को राज्य ने अपनाया। 19,479 जरूरतमंद बच्चों के अभिभावकों को हर महीने 1000 रुपये सहायता दी जा रही है। राष्ट्रीय सर्वेक्षण में शिक्षा रैंकिंग 21वें से 5वें स्थान पर पहुंची। 100 सरकारी स्कूलों में CBSE पाठ्यक्रम, 20 क्षेत्रों में डे-बोर्डिंग स्कूल शुरू किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
चमियाना और टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी शुरू। अस्पतालों में आधुनिक मशीनें लाने पर 3000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं प्राकृतिक खेती से उगाई गेहूं 60 रुपये, मक्की 40 रुपये और कच्ची हल्दी 90 रुपये प्रति किलो के भाव में खरीदी जा रही है।
पर्यटन और ऊर्जा क्षेत्र में कदम
पर्यटन विस्तार पर 3000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना। कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। देहरा के बनखंडी में 619 करोड़ से अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर बन रहा है। छह ग्रीन कॉरिडोर स्थापित कर हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने की दिशा में काम।

अन्य अहम फैसले
विशेष राजस्व अदालतों में 4,63,000 मामलों का निपटारा। वाइल्ड फ्लावर हाल मामले में कानूनी जीत से हर साल 20 करोड़ की आय। कड़छम वांगतु परियोजना में रॉयल्टी बढ़ने से 150 करोड़ अतिरिक्त राजस्व। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा बेचने वालों के लिए हिमाचल में कोई जगह नहीं। लक्ष्य है कि “चिट्टा” शब्द केवल इतिहास की किताबों में बचे।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का वक्तव्य
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने भाषण में कहा कि सरकार की तीन साल की उपलब्धियां असाधारण हैं। ये केवल आंकड़े नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर किए गए वास्तविक विकास कार्यों का प्रमाण हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, पेयजल, संस्कृति, सड़क निर्माण, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, खेती-बाड़ी और बागवानी जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जो हिमाचल की व्यापक प्रगति को दर्शाते हैं। वहीं उप-मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हिमाचल मॉडल आज राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय है। राज्य सरकार की पहलें हर मंच पर सराही जा रही हैं। उनके अनुसार, सरकार जनता की अपेक्षाओं पर काम कर रही है और आगे विकास की गति और तेज होगी।

भाजपा पर हक रोकने का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश भाजपा के नेता दिल्ली स्तर पर हिमाचल के अधिकारों को रोकने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के हकों की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है और एचआरटीसी को लेकर किए जा रहे गलत प्रचार का भी पर्दाफाश किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार की प्रतिक्रिया
इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि सरकार के तीन वर्ष इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में सामाजिक न्याय, आर्थिक सुधार और सर्वांगीण विकास के कई बड़े फैसले लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर सरकार की योजनाओं और सुविधाओं को हर घर तक पहुंचाएगी ताकि अंतिम व्यक्ति तक इनका लाभ पहुंचे। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी सरकार के तीन साल को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोगों की जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लेकर आई हैं।

उपलब्धियों की बुक और वृत्तचित्र का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा तैयार की गई तीन वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इसके साथ ही विभाग द्वारा तैयार वृत्तचित्र भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें सरकार की उपलब्धियों और आने वाली योजनाओं को दिखाया गया।
रिपोर्ट: विक्रांत सूद
यह भी पढ़ें: गोवा अग्निकांड मामले में बड़ा अपडेट, कोर्ट ने की लूथरा भाइयों की जमानत याचिका खरिज


Download Android App
Download iOS App




