Himachal Pradesh News: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बताया कि प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए एक नई सीनियर रेजिडेंटशिप पॉलिसी बनाई जाएगी। इस नीति के तहत सीनियर रेजिडेंट के पदों का संतुलित तरीके से निर्धारण किया जाएगा। साथ ही सीनियर रेजिडेंटशिप में सामान्य ड्यूटी ऑफिसर (जीडीओ) का कोटा बढ़ाकर 66 प्रतिशत किया जाएगा, जो अभी 50 प्रतिशत है।
Himachal Pradesh News: नए एमडी-एमएस विषयों की शुरुआत
चिकित्सा महाविद्यालय चंबा, नाहन, हमीरपुर और नेरचौक में एमडी और एमएस के नए विषय शुरू किए जाएंगे। इससे प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा का विस्तार होगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएम और एमसीएच जैसी सुपर स्पेशलिस्ट डिग्री रखने वाले डॉक्टरों को चिकित्सा महाविद्यालयों में नियुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही सभी मेडिकल कॉलेजों में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस आईसीयू स्थापित किए जाएंगे।
Himachal Pradesh News Today: 1000 रोगी मित्रों की होगी नियुक्ति
स्वास्थ्य विभाग में 1000 रोगी मित्र नियुक्त किए जाएंगे। इनमें से 500 मेडिकल कॉलेजों और 500 अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात होंगे। इसकी शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में हमीरपुर जिले से की जाएगी। चमियाणा अस्पताल, मेडिकल कॉलेज टांडा और आईजीएमसी शिमला में 70 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों की मदद के लिए रोगी मित्र तैनात किए जाएंगे। इन संस्थानों में रोगी मित्र काउंटर भी बनाए जाएंगे।
डाटा एंट्री ऑपरेटर भी होंगे तैनात
मेडिकल कॉलेजों की ओपीडी में मरीजों से संबंधित जानकारी दर्ज करने के लिए डाटा एंट्री ऑपरेटर नियुक्त किए जाएंगे, जिससे कामकाज अधिक सुचारु हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य शिक्षा और सेवाओं को मजबूत करने के लिए नई सोच और लंबी अवधि की योजनाओं पर काम कर रही है, ताकि हिमाचल प्रदेश इस क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो सके।


Download Android App
Download iOS App




