हिमंत सरमा ने कोरोना पर दिया अटपटा बयान, कहा- मास्क लगाने की जरूरत नहीं, राज्य में नहीं है महामारी

Summary :

बीजेपी नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने एक अटपटा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि असम के लोगों को कोरोना वायरस महामारी से बचने के लिए अब मास्क लगाने की जरूरत नहीं है क्योंकि राज्य में यह महामारी अब नहीं हैं।

असम के स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने एक अटपटा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि असम के लोगों को कोरोना वायरस महामारी से बचने के लिए अब मास्क लगाने की जरूरत नहीं है क्योंकि राज्य में यह महामारी अब नहीं हैं। सरमा का यह बयान उस समय आया है जब देशभर में कोरोना वायरस के रोजाना आने वाले मामले हर दिन रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। शनिवार को भी देशभर में कोरोना वायरस के करीब 90 हजार नए मामले दर्ज किए गए जो कि बीते साल सितंबर के बाद से सबसे ज्यादा थे। 
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक इंटरव्यू के दौरान हिमंत बिस्व सरमा ने हैरानी जताते हुए कहा कि लोग मास्क पहन कर डर बढ़ा रहे हैं, जबकि असम में मास्क पहनने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में जब मास्क पहनने की जरूरत होगी तो वह बता देंगे। उन्होंने आगे कहा, ‘हमको इकॉनमी को भी रिवाइव करना है। मास्क पहनेंगे तो ब्यूटी पार्लर कैसे चलेंगे? ब्यूटी पार्लर चलना भी जरूरी है। हम लोगों को बोल के रखे हुए हैं कि यह अंतरिम राहत है। जिस दिन मुझको लगेगा कोविड है उस दिन सबको मास्क पहनना पड़ेगा।’

Desk Team