गृहमंत्री शाह का CM ममता को पत्र, कहा- प्रवासी श्रमिकों के घर वापसी में करें सहयोग

Summary :

अमित शाह ने ममता बनर्जी को एक पत्र लिखकर कहा कि विभिन्न राज्यों में फंसे पश्चिम बंगाल के श्रमिक अपने गृह राज्य जाने के लिए बेचैन और परेशान हैं लेकिन उन्हें पश्चिम बंगाल सरकार से अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा है।

कोरोना वायरस (कोविड-19) संकट को लेकर केंद्र सरकार और पश्चिम बंगाल की तृणमूल सरकार के बीच लगातार बयानबाजी जारी है। लॉकडाउन के प्रावधानों को राज्य में ठीक से लागू न करने की शिकायत केंद्र ने ममता सरकार से की थी। वहीं अब केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल सरकार पर विभिन्न राज्यों में फंसे राज्य के श्रमिकों की वापसी की व्यवस्था करने में विफल रहने का आरोप लगाया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस मामले में सहयोग करने के लिए कहा है और राज्य सरकार को एक पत्र भी भेजा है। सूत्रों के अनुसार शाह ने ममता बनर्जी को एक पत्र लिखकर कहा है कि विभिन्न राज्यों में फंसे पश्चिम बंगाल के श्रमिक अपने गृह राज्य जाने के लिए बेचैन और परेशान हैं। केन्द्र सरकार फंसे हुए प्रवासी श्रमिकों की उनके घर जाने में मदद कर रही है लेकिन उसे पश्चिम बंगाल सरकार से अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा है।

राजस्थान में कोविड-19 के 57 नए मरीजों की पुष्टि के बाद संक्रमितों की संख्या हुई 3636

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने अब तक विभिन्न राज्यों के दो लाख से अधिक प्रवासी मजदूरों की उनके राज्य में जाने में मदद की है। पत्र में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल सरकार ट्रेनों के राज्य में आने से संबंधित प्रक्रिया में सहयोग नहीं कर रही है। यह पश्चिम बंगाल के प्रवासी श्रमिकों के साथ अन्याय है। इससे उनकी दिक्कतें और बढ जायेंगी। मिली जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के श्रमिक विभिन्न राज्यों में प्रशासन के लिए भी परेशानी का सबब बने हुए हैं और इन राज्यों ने केन्द्र सरकार से इन्हें उनके राज्यों में भेजने में सहयोग का अनुरोध किया है।

Desk Team