अभिनेत्री कंगना रनौत ने चौथी बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने पर कहा कि वह राष्ट्रीय महत्व के विषयों में दिलचस्पी रखती हैं, लेकिन उनका ‘राजनीति से कोई लेना-देना नहीं’ है।
गौरतलब है कि रनौत अपने भड़काऊ बयानों के लिए सुर्खियों में रही हैं। हाल में किसान आंदोलन को लेकर ट्विटर पर उनकी बहस अभिनेता-गायक दिलजीत दोसांझ से हुई थी। वहीं इससे पहले बीएमसी द्वारा अपने कार्यालय का एक हिस्सा गिराए जाने के बाद महाराष्ट्र सरकार और उनके बीच ठन सी गई थी।
रनौत से जब यह पूछा गया कि क्या वह वह राजनीति के क्षेत्र में आएंगी, तो उन्होंने कहा कि देश से संबंधित मुद्दे उन्हें ‘सीधे’ तौर पर प्रभावित करते हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह राजनीति में जाना चाहती हैं।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मेरे लिए, राजनीति की दुनिया अनजान है। अगर आज मैं मुझे प्रभावित करने वाले मुद्दे को लेकर देश, राष्ट्रवाद, किसान या कानून के बारे में बात करती हूं तो मुझे कहा जाता है कि मैं नेता बनना चाहती हूं। ऐसा नहीं है। मैं एक नागरिक के तौर पर इन चीजों पर प्रतिक्रिया देती हूं। मेरा राजनीति से कोई वास्ता नहीं है।’’
अभिनेत्री आज 34 साल की हो गईं।
वह अपनी फिल्म ‘थलावी’ के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर बात कर रही थीं। इस फिल्म में वह अभिनेत्री और तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता का किरदार अदा कर रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



