केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दावा किया कि भाजपा ही एकमात्र राजनीतिक पार्टी है, जो घुसपैठ को रोक सकती है और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ”फर्जी धर्मनिरपेक्षता” का पालन करती हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता शाह ने पश्चिम बंगाल के पूर्व वर्धमान जिले के ऑसग्राम और नदिया जिले के चपरा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि घुसपैठिये टीएमसी के वोटबैंक का काम करते हैं।
शाह ने कहा, ”कांग्रेस, वाम दल और तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में भाजपा को नहीं रोक पाएंगे। भाजपा एकमात्र राजनीतिक दल है, जो घुसपैठ रोक सकती है। दीदी (बनर्जी) अपनी फर्जी धर्म निरपेक्षता को लेकर चिंतित हैं। उन्हें केवल अपने वोटबैंक की चिंता है।”
शाह ने ऑडियो क्लिप की ओर इशारा किया, जिसमें कथित रूप से राज्य की मुख्यमंत्री बनर्जी को कूचबिहार में गोलीबारी में जान गंवाने वाले लोगों के शवों के साथ रैली करने का सुझाव देते हुए सुना गया है। शाह ने दावा किया कि वह ”शवों पर राजनीति” कर रही हैं।
शाह ने कहा कि लोगों को उनपर शर्म आनी चाहिये। गौरतलब है कि 10 अप्रैल को चौथे चरण के मतदान के दौरान कूचबिहार जिले के सीतलकूची में एक मतदान केन्द्र के निकट केन्द्रीय बलों ने ”उनकी राइफलें छीनने की कोशिश” कर रहे स्थानीय लोगों पर कथित रूप से गोली चलाई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी।
भाजपा ने पांचवें चरण के मतदान से पहले शुक्रवार को वह कथित ऑडियो क्लिप जारी किया। शाह ने कहा, ”बनर्जी नफरत की राजनीति करती हैं। इसी कारण राज्य में बहुत हिंसा है।” उन्होंने कहा कि शनिवार को मतदान के दौरान किसी बूथ को कब्जाने का कोई मामला सामने नहीं आया और भाजपा जानती है कि ”टीएमसी के गुंडों” से कैसे निपटना है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि ममता बनर्जी सरकार पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से आए मतुआ लोगों को नागरिकता और नामशूद्रों यानि दलितों को न्याय नहीं दिलाना चाहती। उन्होंने कहा, ”मैं आपको बताना चाहता हूं कि यदि भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता में आई तो सीएए (संशोधित नागरिकता कानून) लागू करके मतुआ लोगों को नागरिकता प्रदान की जाएगी।”
इससे पहले घुसपैठ के मामले पर शाह ने जोर देकर कहा, ”न केवल लोग बल्कि परिंदे भी (भारत-बांग्लादेश) सीमा से देश में दाखिल नहीं हो सकेंगे।” उन्होंने कहा, ”इस इलाके में घुसपैठ बड़ी समस्या है। कई जगहों पर फर्जी नोट मिलते रहते हैं…केवल भाजपा ही घुसपैठ को रोक पाएगी।
मैं आपको आश्वासन देता हूं कि यदि भाजपा दो मई को सत्ता में आएगी, तो केवल लोग ही नहीं बल्कि एक परिंदा भी उड़कर सीमा के उस पार से इस पार नहीं आ सकेगा।” शाह ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर राज्य सरकार के सरकारी कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ मिलेगा।
शिक्षकों को ऊंचा वेतन दिया जाएगा। महिलाओं को मुफ्त में परिवहन सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इससे पहले शाह ने उत्तर 24 परगना जिले के अमडांगा में रोड शो किया।


Download Android App
Download iOS App



