सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर केरल के कोच्चि में अवैध अपार्टमेंट को किया गया ध्वस्त

Summary :

इस इमारत के गिराये जाने के साथ ही पिछले साल आये सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन पूरा हो जाएगा। इससे पहले शनिवार को दो अन्य इमारतों को जमींदोज किया गया था।

केरल के कोच्चि में झील के किनारे बने एक अन्य अवैध अपार्टमेंट को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए रविवार को गिरा दिया गया। कोच्चि के मरादु नगर निगम क्षेत्र में स्थित 55 मीटर ऊंची इमारत जैन कोरल कोव को आज सुबह 11 बजकर तीन मिनट पर जमींदोज किया गया। इस इमारत का निर्माण तटीय नियमन क्षेत्र के प्रावधानों का उल्लंघन कर किया गया था। 
इससे पहले इमारत के दो सौ मीटर के इलाके में चारों तरफ से लोगों को हटा लिया गया था और सभी प्रकार के यातायात को रोक दिया गया था। इसके साथ ही उन चार आलीशान अपार्टमेंट में से तीन को ध्वस्त कर दिया गया जिनका निर्माण, नियमों का उल्लंघन कर किया गया था और जिसे गिराने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था। 
इतनी ही समान ऊंचाई की एक अन्य इमारत आज दोपहर बाद दो बजे गिरायी जाएगी। इस इमारत के गिराये जाने के साथ ही पिछले साल आये सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन पूरा हो जाएगा। इससे पहले शनिवार को दो अन्य इमारतों को जमींदोज किया गया था। मुंबई स्थित एडिफिसीज इंजीनियरिंग ने दक्षिण अफ्रीका स्थित जेट डिमोलेशन कंपनी के विशेषज्ञों की मदद से इसे गिराया गया।

Desk Team