अंधविश्वास या करगार टोटका ? मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से में बारिश पर्याप्त न होने से लोग चिंतित हैं और तरह-तरह के टोटके भी कर रहे हैं। विदिशा जिले में तो सरपंच ने ही गधे की सवारी की ताकि इंद्र देवता को खुश हो जाएं और अच्छी बारिश हेा। यह टोटका विदिशा जिले के रंगई गांव में हुआ है, यहां एक अनूठी सवारी निकाली गई, जिसमें सरपंच सुशील वर्मा पगड़ी बांधकर गधे की सवारी कर गांव में घूमे।
इसमें गांव के लोग, महिला, बच्चे तो शामिल हुए ही साथ ही महिलाओं ने उनका कई स्थानों पर टीका लगाकर स्वागत किया। गधे की सवारी करने वाले सरपंच सुशील वर्मा का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मान्यता है कि अगर गांव का मुखिया गधे की सवारी कर ले तो उससे इंद्र देवता प्रसन्न हो जाते हैं और बारिश भी होती है । इसी मान्यता के चलते उन्होंने गधे की सवारी की, क्योंकि जनप्रतिनिधि का धर्म अपनी जनता के सुख-दुख का हिस्सा बनना है।
इसी धर्म का पालन करते हुए गधे की सवारी करके भगवान से प्रार्थना की है। सरपंच गधे की सवारी कर रहे थे और वहां लोग खुशी से नाचे गाए भी जा रहे थे। महिलाओं ने सरपंच का टीका लगाकर फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया । यह यात्रा पटेल बाबा देवस्थान से शुरू हुई और गणेश जी के मंदिर तक पहुंची। वहां पर गांव के लोगों ने अच्छी बारिश के लिए प्रार्थना भी की।
इस मौके पर क्षेत्र के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन भी मौजूद रहे और उन्होंने कहा कि इस बार पूरा जिला सूखे की आशंका से जूझ रहा है। किसान बुवाई कर चुका है मगर बारिश न होने से फसल के चौपट होने की आशंका है। अगर पुरानी मान्यता और टोटके से बारिश हो जाती है तो किसान और आम नागरिक को इसका लाभ मिलेगा।


Download Android App
Download iOS App



