आंध्र प्रदेश में कोरोना का विस्फोट जारी है। रविवार को कोरोना वायरस के 7,895 नए मामले सामने आने के साथ संक्रमण के कुल मामले 3,53,111 पर पहुंच गए। यहां 93 संक्रमितों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में बताया गया कि बीते 24 घंटे में, रविवार सुबह नौ बजे तक संक्रमण से 7,449 लोग उबर गए जिसके साथ स्वस्थ होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2.60 लाख हो गई।
फिलहाल राज्य में 89,742 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि बीते 24 घंटे में पूर्वी गोदावरी जिले में संक्रमण के 1,256 नए मामले सामने आने के साथ कोविड-19 के कुल 49,245 मामले हो गए। अधिकारियों के मुताबिक जिले में सामने आने वाले मामलों में से 92.8 फीसदी मामलों में मरीज में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं। यह हाल में हुए एक सीरो-सर्वे में पता चला। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में संक्रमण के कारण मृत्यु दर 0.93 फीसदी है जो राष्ट्रीय औसत से करीब एक फीसदी कम है।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का प्रकोप जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक संक्रमितों का आंकड़ा 30,44,940 तक पहुंच गया है और 56,706 लोगों की अब तक जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 22,80,566 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



