दिल्ली सरकार शहर के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण के लिए सोमवार से 15 दिन का अभियान शुरू करेगी। दिल्ली के श्रम और रोजगार मंत्री गोपाल राय ने कहा कि निर्माण श्रमिक 24 अगस्त से 11 सितंबर तक इन शिविरों में दिल्ली भवन और अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड में पंजीकरण कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। यदि वे उचित दस्तावेज प्रस्तुत करते हैं, तो पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी हो जाएगी।
राय ने कहा,‘‘70 विधानसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक में, निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण के लिए एक स्थानीय स्कूल में एक शिविर लगाया जाएगा। स्थानीय विधायकों, व्यापार संघों, पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, बाढ़ और सिंचाई विभाग जैसी एजेंसियों के इंजीनियरों को श्रमिकों के पंजीकरण के लिए कहा गया है।”
उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान शुरू की गई ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया जारी रहेगी और निर्माण श्रमिक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद सत्यापन के लिए शिविरों में जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि महामारी के कारण रुका हुआ निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है और निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की मांग है। राय ने कहा कि बोर्ड ने लॉकडाउन अवधि के दौरान 40,000 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों में से प्रत्येक को दो महीने के लिए 5,000 रुपये प्रदान किए थे।


Download Android App
Download iOS App



