महाराष्ट्र के औरंगाबाद में शुक्रवार को एक भयानक हादसे की खबर सामने आयी है। यहां शुक्रवार की सुबह रेल की पटरी पर लेटे प्रवासी मजदूरों को एक मालगाड़ी ने रौंद दिया। मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में 15 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य घायल हैं। स्थिति को संभालने के लिए आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है।

इस दुर्घटना का जायजा लिया जा रहा है। साउथ सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ ने कहा कि औरंगाबाद के कर्माड के नजदीक यह हादसा हुआ। पुलिस के एक अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार ये सभी मजदूर जालाना से भुसावल की ओर पैदल जा रहे थे। उन सभी को मध्य प्रदेश जाना था। उन्होंने कहा कि सभी रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे चल रहे थे और इस दौरान थकान होने से वे रेलवे ट्रैक पर ही सो गए। सोए हुए अवस्था में ही मालगाड़ी ने आकर सबको रौंद दिया।

Extremely anguished by the loss of lives due to the rail accident in Aurangabad, Maharashtra. Have spoken to Railway Minister Shri Piyush Goyal and he is closely monitoring the situation. All possible assistance required is being provided.
— Narendra Modi (@narendramodi) May 8, 2020
औरंगाबाद में हुए इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। पीएम ने ट्वीट कर कहा कि “औरंगाबाद में हुए रेल हादसे में जिनकी जान गई है, उससे काफी दुख पहुंचा है। रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात हो चुकी है और वह स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। आवश्यक हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।”
बता दें कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी को फैलने से रोकने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से 17 मई तक देशव्यापी लॉकडाउन जारी है। लॉकडाउन के बीच में प्रवासी मजदूरों की गृह वापसी भी लगातार जारी है। ऐसे बहुत सारे प्रवासी भी है जो अपने घर वापस जाने के लिए पैदल ही निकल रहे हैं। इसी क्रम में औरंगाबाद में यह घटना घटित हुई। पूरी घटना की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



