नरसिंहपुर की घटना भाजपा की असली मानसिकता : अजय सिंह

Summary :

अजय सिंह ने नरसिंहपुर की घटना को लेकर भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के पुत्र द्वारा जो जघन्य अपराध किया गया है, वह बताता है कि इनकी असली मानसिकता क्या है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने नरसिंहपुर की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के पुत्र द्वारा जो जघन्य अपराध किया गया है, वह बताता है कि इनकी असली मानसिकता क्या है। 
अजय सिंह ने कहा कि प्रहलाद पटेल के भाई जालम सिंह पटेल पर भी कई गंभीर अपराध जिसमें हत्या का मामला भी है का प्रकरण दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि आज जो पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कानून व्यवस्था की दुहाई दे रहे हैं उन्होंने ही जालम सिंह पटेल को अपने मंत्रिमंडल में मंत्री बनाया जिन पर फरारी वारंट था। यही नहीं हत्या के एक और आरोपी लाल सिंह आर्य भी उनके मंत्रिमंडल में एक रत्न थे। 
उन्होंने कहा कि जिस पार्टी का हमेशा समाज में नफरत फैलाना ही मकसद हो उसकी मानसिकता आपराधिक होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार दिनों में हुए अपराधों में एक अपराध में जहां केंद्रीय मंत्री के पुत्र शामिल हैं, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद दुबे पर एक महिला ने प्रताणित करने का आरोप लगाया।
वहीं भाजपा विधायक का भतीजा बलात्कार का आरोपी है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इसके पूर्व मंदसौर और इंदौर में हुए हत्याकांड करने वाला भी भाजपा का पदाधिकारी निकला। उन्होंने कहा कि भाजपा आज एक ऐसा दल बन गया है, जहां अपराधियों को पनाह मिलती है और उन्हें संरक्षण दिया जाता है।

Desk Team