कर्नाटक के शैक्षणिक संस्थानों में हिजाब पहनने पर उठे विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी डी शर्मा ने बुधवार को कहा कि देश संविधान के आधार पर चलेगा, ना कि शरिया या इस्लामी कानून के आधार पर।
शर्मा भाजपा शासित मध्य प्रदेश में शिक्षण संस्थानों में हिजाब या सिर पर स्कार्फ पहनने के बारे में संवाददाताओं के एक सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘देश भारत के संविधान और कानून से चलेगा। ये शरिया के कानून से नहीं चलेगा।’’
भाजपा नेता ने कहा कि स्कूल और कॉलेज व्यक्तित्व विकास और पढ़ाई में उत्कृष्टता के लिए हैं। इसलिए, तथाकथित ‘आस्था के रखवालों’ (जो हिजाब पहनकर प्रचार करते हैं) को मध्य प्रदेश में अपनी योजना लागू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
शर्मा ने कहा , ‘‘शैक्षणिक परिसरों में माहौल खराब करने के इच्छुक लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। मध्य प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे पर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार के प्रवक्ता और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि मध्य प्रदेश में शिक्षण संस्थानों में हिजाब पर प्रतिबंध लगाने का कोई प्रस्ताव नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



