कोरोना का कहर, मप्र-महाराष्ट्र के बीच अंतरराज्यीय बस परिवहन सेवा 15 अप्रैल तक बंद

Summary :

महाराष्ट्र में कोरोना के संक्रमण में हो रही बढ़ोत्तरी के मद्देनजर मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र के बीच बस परिवहन सेवा को 15 अप्रैल तक बंद रखने का फैसला किया गया।

कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर मध्य प्रदेश सरकार द्वारा लगातार एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं, उसी क्रम में मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र के बीच अंतरराज्यीय बस परिवहन सेवा को 15 अप्रैल तक बंद रखने का फैसला कोरोना की समीक्षा बैठक में लिया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में कोरोना की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने तमाम अधिकारियों से कोरोना की स्थित की जानकारी ली। महाराष्ट्र में कोरोना के संक्रमण में हो रही बढ़ोत्तरी के मद्देनजर मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र के बीच बस परिवहन सेवा को 15 अप्रैल तक बंद रखने का फैसला हुआ।
ज्ञात हो कि मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र के बीच बस परिवहन सेवा को 21 से 31 मार्च के मध्य स्थगित किया गया था। अब बस परिवहन सेवा 15 अप्रैल तक बंद रहेगी। भोपाल की स्थिति के बारे में कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि भोपाल के अस्पतालों में बेड क्षमता चार से छह हजार है। वैक्सीनेशन के 171 केंद्र बनाए गए हैं। वैक्सीनेशन के लिए धर्म गुरु भी जागरूक कर रहे हैं। भोपाल में अनेक धर्मगुरु सार्वजनिक तौर पर वैक्सीन लगवा चुके हैं, जिससे अन्य लोग को प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री चौहान ने इंदौर, भोपाल, जबलपुर, खरगोन की स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि इन स्थानों पर कुछ माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाकर कोरोना को नियंत्रित किया जाए। राज्य के विभिन्न जिलों में रात्रि का कर्फ्यू लगाया जा रहा है, वहीं रविवार को कई जिलों में पूर्णबंदी रहती है, साथ ही मास्क का उपयोग न करने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। 

Desk Team