जगन मोहन रेड्डी ने की अकबरुद्दीन ओवैसी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना

Summary :

ओवैसी ने कहा था, ‘मैं आपको ईद की मुबारकवाद देता हूं और आपसे प्रार्थना करता हूं कि आप अकबरुद्दीन की सेहत के लिए दुआ करें।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने मंगलवार को लंदन में इलाज करा रहे एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के भाई अकबरूद्दीन ओवैसी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। जगन ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘अकबरूद्दीन ओवैसी जी के शीघ्र और उत्तम स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करता हूं।’’ 

गौरतलब है की ओवैसी ने दारुसलम में ईद मिलाप कार्यक्रम के दौरान पार्टी के सदस्यों को संबोधित करते हुए अपने समर्थकों से अपील की है कि वे भाई की सलामती के लिए दुआ करें। ओवैसी ने कहा था, ‘मैं आपको ईद की मुबारकवाद देता हूं और आपसे प्रार्थना करता हूं कि आप अकबरुद्दीन की सेहत के लिए दुआ करें। वह इलाज के लिए गए हैं। मुझे पता चला है कि उनकी सेहत एक बार फिर से खराब हो गई है। अल्लाह उन्हें सुरक्षित और उनकी सेहत को ठीक रखे।’

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) सूत्रों ने बताया कि चार बार के विधायक अकबरूद्दीन मई महीने के पहले सप्ताह में इलाज के लिए लंदन गए थे और उनके जून महीने के अंतिम या जुलाई के प्रथम सप्ताह में वापसी की आशा है। चंद्रगुट्टा से विधायक अकबरूद्दीन साल 2011 में हुये जानलेवा हमले के बाद से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं। 

Desk Team