आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के एक सदस्य ने जुलाई 2021 में यहां आरएसएस मुख्यालय की टोह लेने का असफल प्रयास किया था। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह दावा किया।
अधिकारी ने कहा कि खुफिया जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के अवंतीपुरा जिले का निवासी रईस शेख (30) टोह लेने के मकसद से 13 जुलाई को नागपुर आया था।
अधिकारी का दावा – शेख भारी पुलिस तैनाती देखकर वह वहां से चला गया
अधिकारी ने दावा किया कि शेख ने 14 जुलाई को महल क्षेत्र में उस इलाके का दौरा किया जहां आरएसएस का मुख्यालय स्थित है, लेकिन वहां भारी पुलिस तैनाती देखकर वह वहां से चला गया।
अधिकारी ने कहा कि बाद में वह डॉ हेडगेवार स्मृति भवन गया और इलाके का एक छोटा वीडियो बनाया। उन्होंने बताया कि शेख ने उक्त वीडियो पाकिस्तान में अपने हैंडलर को भेजा, लेकिन वे क्लिप की गुणवत्ता से संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने कहा कि वह व्यक्ति अगले दिन श्रीनगर वापस चला गया।
नागपुर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने शुक्रवार से संवाददाताओं से कहा था कि पुलिस को हाल में सूचना मिली थी कि कुछ महीने पहले जैश के सदस्यों द्वारा कुछ ‘महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों’ की ‘रेकी’ की गई थी और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया था कि आरएसएस का मुख्यालय इन प्रतिष्ठानों में से एक था या नहीं।


Download Android App
Download iOS App



