हरिद्वार : सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर गंगा में डुबकी लगाने के लिए एक दिन पहले ही श्रद्धालुओं का रेला धर्मनगरी में उमड़ पड़ा था। जहां रविवार को दिन भर और पूरी रात अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते रहे, वहीं आज सोमवार को भी लोगों के आने का क्रम जारी रहा।
हाईवे पर पिछले 48 घंटों से जाम लगा हुआ है। दिन में भारी जाम की स्थिति बनी हुई है। यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए पुलिस ने भी एक दिन पहले मोर्चा संभाल लिया था, लेकिन उनके भी हाथ-पांव फूले रहे। कुल मिलाकर मेला प्रशासन की आधी-अधूरी व्यवस्था के चलते ही यातायात व्यवस्था बिगड़ी है।
रविवार और आज सोमवार को पर्यटकों के अलावा सोमवती अमावस्या स्नान के लिए श्रद्धालुओं का आगमन भी बड़े पैमाने पर हुआ। ट्रेनों और बसों के अलावा निजी वाहनों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु एक दिन पहले ही हरिद्वार पहुंच गए। हाईवे के आसपास की अधिकांश पार्किंग वाहनों से भर गई। हाईवे पर दिन भर जाम के हालात बने रहे। खासतौर पर चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार, सीतापुर के पास वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।


Download Android App
Download iOS App



