जशपुर हादसा : मृतक गौरव अग्रवाल के परिजनों को 50 लाख का मुआवजा देगी छत्तीसगढ़ सरकार

Summary :

छत्तीसगढ़ सरकार ने ऐलान किया है कि जशपुर में हुए हादसे में जान गवाने वाले गौरव अग्रवाल के परिजनों को 50 लाख का मुआवजा दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ सरकार जशपुर में हुए हादसे में जान गवाने वाले गौरव अग्रवाल के परिजनों को 50 लाख का मुआवजा देगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को ट्वीट कर मुआवजे का ऐलान किया। दरअसल, जशपुर में शुक्रवार को दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को एक कार ने रौंद दिया। घटना में एक की मौत हो गई और 17 लोग घायल हुए।
सीएम बघेल ने ट्वीट करते हुए लिखा, “जशपुर के पत्थलगांव में सड़क हादसे में मृतक स्व श्री गौरव अग्रवाल जी के परिजनों को 50 लाख रुपए सहयोग राशि प्रदान की जाएगी। दोनों आरोपी कल ही गिरफ्तार हो गए थे। पुलिस प्रशासन ने टी आई को लाइन अटैच, एसआई को निलंबित कर दिया है। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।


सरकार ने पत्थलगांव के टीआई को लाइन हाजिर करते हुए पत्थलगांव थाने पर तैनात एसआई केके साहू को निलंबित कर दिया है। जशपुर जिले कि पत्थलगांव क्षेत्र में शुक्रवार को दोपहर करीब 1:00 बजे ओडिशा के संभलपुर से मध्य प्रदेश जा रही कार दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के जुलूस में शामिल लोगों को रौंदते हुए निकल गई थी। 

छत्तीसगढ़ : रायपुर के रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में विस्फोट, CRPF के 6 जवान घायल

इस हादसे में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि करीब दर्जनभर घायलों को उपचार के लिए पत्थलगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां गंभीर हालत के चार लोगों को रायगढ़ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पत्थलगांव के थाना प्रभारी संता अयाम को लाइन हाजिर कर दिया गया है तथा सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) केके साहू जिसे लेकर ग्रामीणों ने काफी शिकायत की थी, उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

Desk Team