RSS की तालिबान से तुलना कर विवाद में फंसे जावेद अख्तर, BJP विधायक बोले-उनकी फिल्‍मों पर लगे रोक

Summary :

महाराष्ट्र के विधायक और बीजेपी के प्रवक्ता राम कदम ने गीतकार जावेद अख्तर के माफी नहीं मांगे जाने तक उनकी फिल्मों पर रोक लगाए जाने की बात कही है।

बॉलीवुड गीतकार और लेखक जावेद अख्तर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तुलना तालिबान से कर विवादों में फंस गए हैं। महाराष्ट्र के विधायक और बीजेपी के प्रवक्ता राम कदम ने गीतकार के माफी नहीं मांगे जाने तक उनकी फिल्मों पर रोक लगाए जाने की बात कही है।
जावेद अख्तर ने हाल ही में एक न्यूज पोर्टल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि तालिबान बर्बर हैं, उनकी हरकतें निंदनीय हैं, मगर आरएसएस, विहिप और बजरंग दल का समर्थन करने वाले सभी एक जैसे हैं। जावेद अख्तर की इन टिप्पणियों पर बीजेपी ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी।


राम कदम ने एक वीडियो संदेश में कहा, “जावेद अख्तर का यह बयान न केवल शर्मनाक है, बल्कि संघ और विश्व हिंदू परिषद के करोड़ों पदाधिकारियों और दुनिया भर में उनकी विचारधारा का पालन करने वाले करोड़ों लोगों के लिए दर्दनाक और अपमानजनक है।”

उन्होंने कहा कि “इस संगठन के पदाधिकारी गरीब से गरीब व्यक्ति की सेवा करते हैं और कवि-गीतकार ने उनका अपमान किया है। यह टिप्पणी करने से पहले उन्हें यह सोचना चाहिए था कि एक ही विचारधारा वाले लोग अब सरकार चला रहे हैं, राज धर्म को पूरा कर रहे हैं। अगर विचारधारा तालिबानी होती, तो क्या वह ये टिप्पणी कर पाते? इससे पता चलता है कि उनके बयान कितने खोखले हैं?”
राम कदम ने कहा, “हम उनकी (जावेद अख्तर) किसी भी फिल्म को मां भारती की इस भूमि में तब तक नहीं चलने देंगे जब तक कि वह संघ के उन पदाधिकारियों से हाथ जोड़कर माफी नहीं मांगते जिन्होंने राष्ट्र को अपना जीवन समर्पित कर दिया है।” 

Desk Team