पूर्व नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ में प्रस्तावित हवाई अड्डे के निर्माण में देरी पर नाराजगी जताते हुए झारखंड में हेमंत सोरेन नीत सरकार पर ‘कमजोर इच्छा शक्ति’ का आरोप लगाया। भाजपा की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि शनिवार को अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि धालभूमगढ़ में प्रस्तावित हवाई अड्डा उद्योग और रोजगार के अवसर के लिहाज से अहम है लेकिन हेमंत सोरेन सरकार को हवाई अड्डे की जगह ‘नमाज’ की ज्यादा चिंता है।
झारखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुबर दास और जमशेदपुर के सांसद विद्युत बारन महतो के साथ सिन्हा ने जनवरी 2019 में इस हवाई अड्डे के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी थी। केंद्र सरकार ने ‘उड़ान’ योजना के तहत इसके लिए 100 करोड़ रुपये की राशि भी आवंटित की थी। हजारीबाग से भाजपा सांसद सिन्हा ने आरोप लगाया कि सोरेन सरकार के सत्ता में आते ही हवाई अड्डे का निर्माण कार्य रूक गया। राज्य विधानसभा में ‘नमाज’ के लिए एक अलग कमरा आवंटित करने का हवाला देते हुए सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार को एक महत्वपूर्ण हवाई अड्डे के निर्माण से ज्यादा ‘नमाज’ की चिंता है।


Download Android App
Download iOS App



