अब तक उम्मीदवार घोषित नहीं किए गए सरयू राय ने कहा- टिकट की भीख नहीं मांग सकता

Summary :

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर अब तक घोषित किये गये 72 उम्मीदवारों की सूची में अपना नाम नहीं पाकर पार्टी के नेता सरयू राय ने कहा कि वह टिकट की भीख नहीं मांग सकते।

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर अब तक घोषित किये गये 72 उम्मीदवारों की सूची में अपना नाम नहीं पाकर पार्टी के नेता एवं झारखंड के मंत्री सरयू राय ने शनिवार को कहा कि वह टिकट की भीख नहीं मांग सकते। भाजपा ने 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा के चुनाव के लिए अबतक चार सूचियों में 72 उम्मीदवारों की घोषणा की है। 
राय से जब भाजपा द्वारा उनके नाम की घोषणा में देरी और अनिश्चितता के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “पार्टी नेतृत्व से सीट की भीख मांगना मेरे लिए उपयुक्त नहीं है। इसलिए मैंने उनसे मेरे नाम पर विचार नहीं करने को कहा है।” भाजपा ने राय समेत दस विधायकों को विधानसभा चुनाव के लिए फिर से टिकट नहीं दिया है। 
राय राज्य की भाजपा नीत राजग सरकार में नागरिक आपूर्ति, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री हैं और वर्तमान विधानसभा में जमशेदपुर (पश्चिम) सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। जब राय से उनके अगले कदम और चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कोई निर्णय लेने से पहले वह रविवार को इस मुद्दे अपने समर्थकों के साथ चर्चा करेंगे। उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि जमशेदपुर (पूर्व) सीट से चुनाव लड़ने के लिए किसी दल ने उनसे संपर्क किया है जहां से मुख्यमंत्री रघुवर दास चुनाव लड़ रहे हैं। 

झारखंड विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने रांची में भाजपा से मुकाबला करने के लिए झामुमो को किया आगे

Desk Team