लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र में एक आदिवासी नाबालिग से गैंगरेप हुआ है। उसे बेहद गंभीर हालत में इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स में दाखिल कराया गया है। इस बीच पुलिस ने गैंगरेप के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात गुरुवार देर शाम की है। कुडू थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग अपने चाचा के घर में विवाह समारोह में गई हुई थी। यहां पर नसीम खान और मकसूद पवरिया भी पहुंचे थे।
दोनों किसी प्रकार से नाबालिग को घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर खेत की ओर ले गए और सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। उसके साथ इतना वहशियाना बर्ताव किया गया कि उसकी स्थिति बेहद गंभीर हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए थे। इसी बीच किसी प्रकार से नाबालिग के घरवालों को मामले की जानकारी हुई और उन्होंने इसकी सूचना कुडू थाना पुलिस को दी।
कुडू थाना पुलिस ने गुरुवार की रात ही ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग को पहले इलाज के लिए कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उसे सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया गया। सदर अस्पताल लोहरदगा में प्राथमिक उपचार हुआ। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



