झारखंड के कोडरमा से मानवता को शर्मसार करने का मामला सामने आया है, जहां जमीनी विवाद के चलते एक युवती को जिंदा दीवार में चुनवा दिया गया। कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के योगियाटिल्ला गांव में यह सनसनीखेज वारदात हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।
दरअसल, योगियाटिल्ला गांव में जमीनी कब्जे के इरादे से दबंगों ने दूसरे पक्ष की युवती को घर के कमरे में बंद कर पहले ताला लगा दिया, फिर उसके बाहर दीवार खड़ी कर दी। युवती करीब छह घंटे तक इसी हाल में अंदर रही। पुलिस के पहुंचने पर दीवार को तोड़कर युवती को बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता के पिता का गांव के ही विनोद पंडित, शंकर पंडित, मनोज पंडित, बीरबल पंडित से जमीन विवाद चल रहा है। अचानक विनोद पंडित, शंकर पंडित, मनोज पंडित, बीरबल पंडित, उषा देवी, गायत्री देवी, मनीषा देवी, मीना देवी, सावित्री देवी उसके घर पहुंच गए और जबरन उसे कमरे के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद दरवाजे के आगे मिट्टी और ईंट से दीवार खड़ी कर दी।
शाम को जब परिजन वापस घर आए तो उन्होंने दरवाजे के आगे मिट्टी और ईंट से बनी दीवार देखी। परिजनों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दीवार को गिरा कर दरवाजा तोड़ा तो अंदर नाबालिग बेहोशी की हालत में मिली। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर भेजा गया। वहीं आरोपी महिला सावित्री देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



