सड़क मार्ग से दिल्ली से ग्वालियर आ रहे राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के दिग्गज नेता ज्योतिराज सिंधिया की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। पायलट वाहन में बैठे पुलिसकर्मी सांसद के वाहन की जगह, उसी रंग की ही दूसरी गाड़ी को सुरक्षा देने में लग गए थे।
ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित सांघी ने सोमवार को बताया कि ज्योतिरादित्य सिंधिया की सुरक्षा में चूक को लेकर 14 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित कर्मियों में मुरैना जिले के नौ और ग्वालियर जिले के पांच पुलिसकर्मी शामिल हैं।
सांघी ने कहा कि मुरैना पुलिस द्वारा मध्यप्रदेश-राजस्थान की सीमा से सिंधिया के वाहन को ‘एस्कार्ट’ करना था और उसके बाद यह काम ग्वालियर पुलिस को करना था। हालांकि मुरैना पुलिस ने सिंधिया के वाहन की तरह दिखने वाले एक अन्य वाहन को ‘एस्कार्ट’ दिया।
इस कारण सिंधिया ग्वालियर में बिना पुलिस ‘एस्कार्ट’ दल के आए क्योंकि मुरैना पुलिस द्वारा सिंधिया के वाहन की सूचना ग्वालियर पुलिस को नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में हुई इस चूक के बाद लापरवाही में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।


Download Android App
Download iOS App



