MP में बढ़ते अपराध को लेकर कमलनाथ का शिवराज पर तंज, कहा- राज्य में पुराने युग की वापसी के संकेत

Summary :

कमल नाथ ने कहा, “पूर्व में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, दमोह की घटना के बाद अब लॉकडाउन में बैतूल जिले के पाढर क्षेत्र में एक युवती के साथ घटित गैंगरेप की घटना ने प्रदेश को कलंकित व शर्मसार किया है।

लॉकडाउन के दौरान मध्य प्रदेश में बीते कुछ दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्य की शिवराज सरकार पर निशाना साधा है। कमलनाथ ने शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसते हुए कहा है कि राज्य में बढ़ रहे अपराध बताते हैं कि फिर से लौट रहा है पुराना युग।
कमल नाथ ने शुक्रवार को ट्वीट किया, “शिवराज जी, आपकी एक माह की सरकार प्रदेश को किस ओर ले जा रही है? कोरोना महमारी के लॉकडाउन में भी प्रदेश में प्रतिदिन अपराध घटित हो रहे हैं।” कमल नाथ ने शिवराज सरकार के पूर्व कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा, “आपकी पूर्व की सरकार के समय का वह पुराना युग वापस लौट रहा है, जिसमें बहन- बेटियां, किसान कोई भी सुरक्षित नहीं थे। 


लॉकडाउन में भी गैंगरेप, दुष्कर्म, हत्या, चोरी, किसानों से मारपीट की घटनाएं जारी हैं।” राज्य में महिला अत्याचार का जिक्र करते हुए कमल नाथ ने कहा, “पूर्व में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, दमोह की घटना के बाद अब लॉकडाउन में बैतूल जिले के पाढर क्षेत्र में एक युवती के साथ घटित गैंगरेप की घटना ने प्रदेश को कलंकित व शर्मसार किया है। इस घटना के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो, पीड़ित परिवार की सुरक्षा से लेकर हरसंभव मदद की जाए।”

Desk Team