आज राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करेंगे कमलनाथ

Summary :

नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक दल के नेता कमलनाथ आज राज्यपाल से मुलाकात कर उनके नेता चयन के संबंध में औपचारिक जानकारी देकर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

मध्यप्रदेश में नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक दल के नेता कमलनाथ आज यानि शुक्रवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर उनके नेता चयन के संबंध में औपचारिक जानकारी देकर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि कमलनाथ सुबह 11 बजे राजभवन पहुंचेंगे। उनके साथ कांग्रेस महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, अजय सिंह, सुरेश पचौरी और अरूण यादव भी मौजूद रहेंगे।

congress

कमलनाथ विधायक दल की बैठक और नेता चयन के संबंध में राज्यपाल को औपचारिक तरीके से अवगत कराएंगे। माना जा रहा है कि इसके साथ ही राज्यपाल कमलनाथ को नई सरकार बनाने के लिए विधिवत आमंत्रित करेंगी। वहीं प्रशासनिक स्तर पर नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

कमलनाथ होंगे मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री

माना जा रहा है कि कमलनाथ कुछ मंत्रियों के साथ राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में दो तीन दिन के अंदर शपथ ग्रहण करेंगे। उनके विधायक दल के नेता बनने के बाद मंत्रियों के नामों को लेकर भी उच्च स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

15वीं विधानसभा चुनाव के नतीजों के मुताबिक राज्य की 230 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 114 सीटों पर और भाजपा ने 109 सीटों पर विजय हासिल की है। सबसे बड़े दल के रूप में उभरे कांग्रेस ने बसपा के दो, सपा के एक और चार निर्दलीय विधायकों को मिलाकर कुल 121 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। बता दें कि राज्य में पंद्रह वर्षों बाद कांग्रेस की सरकार बन रही है।

Desk Team