मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर सामान्य वर्ग के आर्थिक तौर पर कमजोर वर्ग के लोगों को अन्य पिछड़ा वर्ग के समान लाभ और रियायत देने की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस इकाई के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को एक पत्र लिखा है।
इस पत्र में उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा है कि, प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा अनारक्षित श्रेणी के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से 10 फीसदी आरक्षण का प्रावधान किया था। इस प्रावधान का उद्देश्य समाज में सामान्य श्रेणी के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को शासकीय नौकरी और शैक्षणिक संस्थाओं में प्रवेश हेतु आरक्षण का लाभ देना था। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए भर्ती परीक्षा में आयु सीमा और परीक्षा शुल्क में रियायत, भर्ती परीक्षा में उत्तीर्ण अंक में लाभ आदि दिया जाना था।
कमलनाथ ने आगे लिखा है कि उन्हें यह जानकारी मिली है कि कांग्रेस सरकार के काल में जो फैसले लिए गए थे उसका लाभ कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को नहीं मिल पा रहा है। इसलिए जरूरी है कि सामान्य श्रेणी के कमजोर वर्ग को भी अन्य पिछड़ा वर्ग के समान ही लाभ भी दिया जाए। इसके लिए राज्य सरकार को समुचित दिशा निर्देश जारी करना चाहिए। कमलनाथ ने मांग की है कि, अनारक्षित श्रेणी के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को 10 प्रतिषत आरक्षण का वास्तविक लाभ प्राप्त हो सके इसके लिए शासन समुचित प्रबंध करें।


Download Android App
Download iOS App



