केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह शुक्रवार को दो दिवसीय कर्नाटक दौरे की शुरुआत करेंगे और बेंगलुरु के बाहरी इलाके देवनहल्ली में एक रोड शो भी करेंगे। वह 10 मई को राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों का जायजा भी लेंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद राज्य का यह उनका पहला दौरा है।
चुनावी तैयारियों को लेकर करेंगे बैठक अमित
उनके कार्यक्रमों के अनुसार, शाह शुक्रवार दोपहर को बेंगलुरु ग्रामीण जिले में 18वीं सदी के मैसूर शासक टीपू सुल्तान की जन्मस्थली देवनहल्ली शहर में रोड शो करेंगे। भाजपा सूत्रों ने बताया कि शाह शाम को यहां पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक करेंगे। दिल्ली लौटने से पहले शनिवार को उनका एक निजी समाचार चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है।
राज्य में 10 मई को मतदान होगा और मतगणना 13 मई को होगी
देवनहल्ली में शाह भाजपा के पी. मुनिशमप्पा के लिए प्रचार करेंगे, जो जद (एस) के मौजूदा विधायक एल. एन. नारायणस्वामी और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सात बार के सांसद कांग्रेस उम्मीदवार के. एच. मुनियप्पा के खिलाफ मैदान में उतरे हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में हार का सामना करने वाले मुनियप्पा पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर 2018 के विधानसभा चुनाव में मुकाबला मुख्य रूप से नारायणस्वामी (86,966 वोट) और कांग्रेस के वेंकटस्वामी (69,956) के बीच था। भाजपा उम्मीदवार के. नागेश 9,820 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



